कानपुर। अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा द्वारा पारस गार्डेन, बर्रा कानपुर में नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष दिनेश सिंह कुशवाहा के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महासभा की कानपुर जिला इकाई द्वारा किया गया, जिसमें समाज के सैकड़ों पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सदस्य उपस्थित रहे।
समारोह में नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष दिनेश सिंह कुशवाहा का माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर जोरदार स्वागत किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने संगठन के वरिष्ठजनों, पदाधिकारियों और युवा साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अवसर समाज के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने समाज की एकता और अनुशासन को उसकी सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि कुशवाहा, मौर्य, शाक्य और सैनी समाज एक ही पहचान के अंग हैं। सभी को मिलकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सचिव केतकी कुशवाहा, प्रदेश उपाध्यक्ष विजय कुशवाहा, मंडी समिति अध्यक्ष पंकज कुशवाहा सहित अनेक गणमान्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। समारोह के अंत में समाज की एकजुटता और संगठन सुदृढ़ीकरण का संकल्प लिया गया।
