संवाददाता/सूर्यपाल प्रोटेक
बीघापुर (उन्नाव)। तहसील बीघापुर क्षेत्र के ग्राम सोहरामऊ ( सिजनी) में बीती रात लगभग 12:30 बजे अचानक लगी आग ने एक परिवार की पूरी गृहस्थी तबाह कर दी। घटना के समय रामशंकर (पुत्र प्रयाग नारायण), जिन्हें क्षेत्र में चक्की वाले के नाम से जाना जाता है, अपने परिवार के साथ गहरी नींद में सो रहे थे। तभी अचानक घर में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
आग की लपटें और शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी। स्थानीय लोगों द्वारा फायर ब्रिगेड को सूचना देने की कोशिश की गई, लेकिन समय पर संपर्क नहीं हो सका। बाद में किसी तरह सूचना दी गई, लेकिन जब तक फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचती, तब तक ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया था।
इस भीषण आग में घर में रखा लगभग 30 कुंतल गेहूं, 8 कुंतल लाही, 5 कुंतल चावल सहित सोफा, कूलर, इन्वर्टर, छत के पंखे, टीवी, करीब 90 हजार रुपये नकद, गहने, मोबाइल फोन, गैस सिलेंडर, चूल्हा और घर के सभी कपड़े जलकर राख हो गए। अनुमानित तौर पर लाखों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करने में जुट गए हैं। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
