उन्नाव। उन्नाव पुलिस की मासिक अपराध गोष्ठी रविवार को पुलिस लाइन सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी प्रेमचंद, सहायक पुलिस अधीक्षक (प्रशिक्षु) संचित शर्मा, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जनपद में अपराध एवं कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। आईटीएसएसओ पोर्टल पर 60 दिवस से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। गैंगेस्टर अधिनियम की धारा 14(1) के अंतर्गत प्रस्तावित प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
हत्या, लूट, डकैती, बलात्कार, चैन स्नेचिंग, नकबजनी एवं वाहन चोरी जैसी गंभीर घटनाओं के शेष अनावरण हेतु विशेष टीमों के गठन और शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए गए। गुमशुदा एवं अपहृत व्यक्तियों की बरामदगी को प्राथमिकता पर लेते हुए लंबित मामलों में तेजी लाने के निर्देश भी जारी किए गए।
थानावार लंबित विवेचनाओं, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, टॉप-10 अपराधियों व हिस्ट्रीशीटरों के सत्यापन की स्थिति की समीक्षा करते हुए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। यक्ष एप पोर्टल पर शत-प्रतिशत और समयबद्ध फीडिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। न्यायालय में प्रभावी पैरवी के लिए अभियोजन पक्ष से समन्वय स्थापित कर दोषसिद्धि दर बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए।
आगामी रमजान माह, होली एवं ईद के त्योहारों को देखते हुए संवेदनशील स्थलों की निगरानी, फ्लैग मार्च, ड्रोन कैमरों व सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को सुदृढ़ करने तथा सभी अधिकारियों को सतर्क एवं सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अपराध नियंत्रण, प्रभावी कानून-व्यवस्था एवं जनता की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उत्कृष्ट कार्य पर सम्मान
गोष्ठी के उपरांत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह द्वारा क्षेत्राधिकारी नगर विनी सिंह एवं प्रभारी निरीक्षक थाना दही ज्ञानेन्द्र सिंह को थाना दही पर पंजीकृत मु0अ0सं0 46/26 धारा 140(1)/123 बीएनएस के सफल अनावरण तथा प्रभारी निरीक्षक थाना असोहा फूल सिंह को थाना असोहा पर पंजीकृत मु0अ0सं0 25/26 धारा 103(1) बीएनएस के सफल खुलासे हेतु प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उत्साहवर्धन किया गया।
गोष्ठी के अंत में सभी अधिकारियों को लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी एवं आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
