उन्नाव। रिजर्व पुलिस लाइन उन्नाव में संचालित आरटीसी कोर्स की इंडोर परीक्षाओं को निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सोमवार को अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह ने ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारी और कर्मचारियों को ब्रीफ किया।
ब्रीफिंग के दौरान उन्होंने परीक्षा ड्यूटी में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान अनुशासन, गोपनीयता और सभी निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सफीपुर सोनम सिंह और क्षेत्राधिकारी लाइन विनी सिंह भी उपस्थित रहीं।
अपर पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा ड्यूटी में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को समय से अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए। साथ ही अभ्यर्थियों की जांच और प्रवेश प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से पूरा कराने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तुरंत उच्चाधिकारियों को सूचित करने को कहा।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान समुचित निगरानी रखी जाए, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण और सकुशल ढंग से संपन्न हो सके। इस दौरान उपस्थित सभी अधिकारी और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
