जामा मस्जिद सहित संवेदनशील क्षेत्रों में किया निरीक्षण, पुलिस बल को दिए सतर्कता के निर्देश
उन्नाव। ईद-उल-फितर के पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में दिनांक 21 मार्च को जिलाधिकारी गौरांग राठी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने थाना गंगाघाट क्षेत्र में स्थित जामा मस्जिद सहित विभिन्न संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मौके पर तैनात पुलिस बल की ड्यूटी चेक की और उन्हें विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नमाज के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए, इसके लिए लगातार निगरानी रखी जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर बनाए रखी जाए।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी यातायात अजय कुमार सिंह भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने संबंधित पुलिस कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम रहे।
प्रशासन की इस सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत दिखाई दी और लोगों में भी भरोसा बढ़ा है कि ईद का पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होगा।
