उन्नाव में ईद, रमजान व नवरात्रि को लेकर सुरक्षा चाक-चौबंद, बड़ी ईदगाह का अधिकारियों ने किया निरीक्षण
उन्नाव। आगामी रमजान माह, ईद एवं नवरात्रि पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर दीपक यादव ने थाना कोतवाली सदर क्षेत्र के अंतर्गत स्थित बड़ी ईदगाह का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ईद की नमाज के समय सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद रहने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात अधिकारियों ने मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त कर आमजन में सुरक्षा का विश्वास स्थापित किया। साथ ही कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस बल को सतर्क एवं सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे पर्वों को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
