सुमेरपुर उन्नाव। विकास खंड सुमेरपुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय बक्सर कंपोजिट के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा 2025 में शानदार सफलता हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंध समिति द्वारा चयनित सातों छात्रों को सम्मानित किया गया।
विद्यालय के इंचार्ज अध्यापक सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि कक्षा आठ के सात छात्रों ने इस परीक्षा में सफलता प्राप्त की है, जिससे विकास खंड स्तर पर विद्यालय प्रथम स्थान पर पहुंच गया है। चयनित छात्रों को सरकार की ओर से चार वर्षों तक प्रति माह 1000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
परीक्षा में सफल छात्रों की रैंक इस प्रकार है – कृष्णा (26वीं), महिमा (35वीं), पायल (37वीं), तान्या (38वीं), स्वाती (39वीं), निखिल (43वीं) और दानिश (45वीं)।
विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान विद्यालय प्रबंध समिति और शिक्षकों ने सभी सफल छात्रों को माला पहनाकर उनका स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष विनोद सिंह और खंड शिक्षा अधिकारी अखिलेश वर्मा ने दूरभाष पर चयनित छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय के शिक्षकों की मेहनत और समर्पण की सराहना की।
विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्ष कुसमा देवी ने भी सभी छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षकों की लगन, परिश्रम और उचित मार्गदर्शन से ही विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है। इस सफलता से विद्यालय के अन्य छात्र भी शिक्षा के प्रति प्रेरित होंगे।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक सुनील कुमार गुप्ता, विनीता त्रिवेदी, वीरेंद्र यादव, अनिल कुमार शुक्ला, अंकित, सुशांत आनंद, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता चंद्र प्रभा, रसोइया ममता देवी, ज्ञानवती, सरोजनी तथा अभिभावकगण उपस्थित रहे।
