संवाददाता / सूर्यपाल (प्रोटेक)
पाटन, उन्नाव। होली का पावन पर्व प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक माना जाता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए तहसील बीघापुर के पाटन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोहरामऊ सिजनी स्थित जय माँ संतोषी देवी मंदिर परिसर में फाग गायन एवं विशाल होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में दूर-दूर से आए फगुहारों ने पारंपरिक अंदाज में फाग गाकर वातावरण को भक्तिमय और रंगों से सराबोर कर दिया। ढोलक और मंजीरे की धुन पर गूंजते फाग के स्वरों ने पूरे मंदिर परिसर को होली के रंग में रंग दिया।
इस अवसर पर क्षेत्र के लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर गले मिलते हुए होली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने आपसी मतभेद भूलकर प्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश दिया।
इस आयोजन को पूर्व बीडीसी प्रत्याशी सुरेश राज, मुन्ना पटेल तथा ग्रामवासियों के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। आयोजकों ने बताया कि होली का त्योहार हमें प्रेम, सद्भाव और आपसी एकता के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
ग्रामीणों ने कहा कि होली का पर्व भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो समाज में भाईचारे और सौहार्द को मजबूत करता है। ऐसे आयोजनों से समाज में एकता का संदेश फैलता है और लोग आपसी प्रेम के साथ त्योहारों का आनंद लेते हैं।
