नई दिल्ली।रक्षा मंत्रालय के पूर्व सैनिक कल्याण विभाग के अंतर्गत पुनर्वास महानिदेशालय (डीजीआर) द्वारा शुक्रवार को नई दिल्ली में पूर्व सैनिकों के लिए एक भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शंकर विहार सैन्य स्टेशन स्थित अरावली सभागार में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस रोजगार मेले को पूर्व सैनिकों की ओर से उत्साहपूर्ण प्रतिक्रिया मिली, जिसमें 850 से अधिक पूर्व सैनिकों ने भाग लिया। वहीं, 42 प्रमुख राष्ट्रीय एवं बहुराष्ट्रीय कंपनियों ने इसमें हिस्सा लेते हुए विभिन्न क्षेत्रों में 1,290 से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यालय एटीवीपी के परियोजना निदेशक (पी एंड ए) रियर एडमिरल आर.के. सिंह तथा डीजीआर के प्रधान निदेशक कमोडोर विक्रांत किशोर द्वारा किया गया। इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने पूर्व सैनिकों और कॉर्पोरेट प्रतिनिधियों से संवाद कर रोजगार के बदलते स्वरूप और उद्योग जगत की अपेक्षाओं की जानकारी ली।
इस अवसर पर कमोडोर सुमीत कपूर (एनएम), ब्रिगेडियर ईशान दलाल (एसएम) और सीएससी ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड के सीनियर वीपी नवीन पटवर्धन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रोजगार मेले में श्नाइडर इलेक्ट्रिक, जीए डिजिटल वेब वर्ल्ड प्राइवेट लिमिटेड, सेमइंडिया प्रोजेक्ट्स लिमिटेड, केपी सिंह फाउंडेशन और केसीसी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट समेत कई प्रतिष्ठित संगठनों ने भाग लेकर भर्ती प्रक्रिया संचालित की।
यह आयोजन पूर्व सैनिकों के लिए अपनी तकनीकी, प्रबंधकीय और प्रशासनिक क्षमताओं को प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ। साथ ही, उद्योग जगत को भी अनुशासित, अनुभवी और कुशल प्रतिभाओं से जुड़ने का अवसर मिला।
डीजीआर द्वारा आयोजित यह रोजगार मेला पूर्व सैनिकों को नया करियर देने और उन्हें असैन्य कार्यबल में प्रभावी रूप से शामिल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
