उन्नाव। जनपद के निराला प्रेक्षागृह में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद डॉ. सच्चिदानंद साक्षी महाराज ने की, जबकि सदर विधायक पंकज गुप्ता एवं जिलाधिकारी गौरांग राठी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के तहत प्रदेश के 1.86 करोड़ उज्ज्वला परिवारों को 1500 करोड़ रुपये की धनराशि से गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी प्रदान की जा रही है। इसी क्रम में जनपद उन्नाव के 3,39,895 लाभार्थियों को निःशुल्क घरेलू गैस सिलेंडर रिफिल का लाभ मिलेगा। मंच से जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी द्वारा चयनित लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक वितरित कर होली की शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर राजधानी लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसमें मुख्यमंत्री द्वारा ऑनलाइन माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में सब्सिडी राशि अंतरित की गई। उपस्थित लाभार्थियों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने लाइव प्रसारण के माध्यम से संबोधन सुना।
सांसद डॉ. सच्चिदानंद साक्षी महाराज ने कहा कि सरकार महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है तथा योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के पात्र परिवारों तक पहुंचाया जा रहा है। विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में विकास के साथ-साथ विरासत और सामाजिक समरसता को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उज्ज्वला योजना के शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों को लाभ दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है और कोई भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित न रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सुशील कुमार गोंड, परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी राज बहादुर, नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता भानू मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में उज्ज्वला योजना के लाभार्थी उपस्थित रहे।
