उन्नाव। जनपद में आमजन की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह द्वारा पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई की गई। जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें एस.पी के समक्ष रखीं।

एस.पी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को मामलों की निष्पक्ष जांच कर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण पुलिस की प्राथमिकता है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई में भूमि विवाद, मारपीट, पारिवारिक विवाद सहित विभिन्न मामलों से जुड़ी कई शिकायतें प्राप्त हुईं। इन सभी मामलों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसी दौरान थाना बिहार थाना क्षेत्र से जुड़ा एक गंभीर मामला भी सामने आया। सामूहिक दुष्कर्म की एक पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसने 7 मार्च को थाना बिहार में प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की थी, लेकिन अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।
न्याय की उम्मीद में पीड़िता सांसद सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज के पास पहुँची और उन्हें पूरी घटना से अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सांसद ने अपने लेटर पैड पर पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर प्रकरण में आवश्यक और निष्पक्ष कार्रवाई किए जाने की संस्तुति की।
इसके बाद पीड़िता उक्त पत्र लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुँची, जहाँ एसपी ने पीड़िता से पूरे प्रकरण की जानकारी ली। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा पीड़िता को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आम नागरिकों को सीधे पुलिस प्रशासन तक अपनी बात रखने का अवसर प्रदान करना है, ताकि उनकी समस्याओं का समयबद्ध और न्यायोचित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
