डीएम शशांक त्रिपाठी ने नगर निकायों को दिए कड़े निर्देश, राजस्व बढ़ाने और योजनाओं को समय पर पूरा करने पर जोर
बाराबंकी। जनपद के कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन एवं संबंधित अधिकारियों के साथ नगर विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में नगर निकायों की कार्यप्रगति, स्वच्छता व्यवस्था, अतिक्रमण नियंत्रण, राजस्व वसूली तथा विभिन्न विकास योजनाओं की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी नगर निकायों में सप्ताह में एक दिन चलने वाले अतिक्रमण विरोधी अभियान को प्रभावी रूप से संचालित किया जाए और निरंतर प्रवर्तन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़कों पर किसी भी स्थिति में दुकानें न लगने पाएं तथा सार्वजनिक स्थलों, सड़कों और नालियों पर अतिक्रमण मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
तालाबों के संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए डीएम ने कहा कि किसी भी हालत में तालाबों पर अतिक्रमण न होने दिया जाए। साथ ही नगर निकायों को आय बढ़ाने के लिए अपने संसाधनों का बेहतर उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तालाबों को नियमानुसार मत्स्य पालन के लिए नीलाम कर राजस्व बढ़ाया जाए और अन्य आय स्रोत भी विकसित किए जाएं।
स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी नगर निकायों में प्रतिदिन शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी खाली प्लॉट पर कूड़ा न जमा हो।
विकास कार्यों को लेकर डीएम ने कहा कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाएं गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाएं। जिन नगर निकायों में कल्याण मंडप का निर्माण नहीं हो रहा है, वे तत्काल प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजें।
इसके अलावा राजस्व वसूली में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अमृत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना और शहरी आजीविका मिशन की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
👉 और खबरें पढ़ने के लिए विजिट करें: https://rudrayukti.in/
