उन्नाव। बीघापुर ब्लॉक परिसर में शुक्रवार को ग्राम प्रधानों, स्थानीय प्राधिकारियों तथा विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के अध्यक्ष और सचिवों की एकदिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालयों के समग्र विकास, निपुण लक्ष्य की प्राप्ति और ग्राम पंचायत व विद्यालय प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रकाश सिंह और खंड शिक्षा अधिकारी शुचि गुप्ता ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। उच्च प्राथमिक विद्यालय पिथई खेड़ा की छात्राओं आंचल पाल, आस्था तिवारी और रक्षा (कक्षा-7) ने संस्कृत में स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत को यादगार बना दिया।
खेल प्रतिभाओं का सम्मान
कार्यक्रम में खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। उच्च प्राथमिक विद्यालय मरदनपुर की छात्रा संजोली को 400 मीटर दौड़ में जनपद स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। वहीं प्रेमी खेड़ा की छात्राओं अनीता, राशी, अनुष्का और वंदना को वॉलीबॉल प्रतियोगिता में जनपद स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल करने पर प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
शिक्षा की गुणवत्ता सुधार पर चर्चा
मुख्य अतिथि प्रकाश सिंह ने कहा कि विद्यालय प्रबंधन समिति और ग्राम पंचायत विद्यालय विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। शासन द्वारा निर्धारित 19 पैरामीटर और कायाकल्प से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और अभिभावकों से मिलकर शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने का आह्वान किया।
खंड विकास अधिकारी ने ग्राम प्रधानों और एसएमसी अध्यक्षों से विद्यालयों के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील करते हुए पारदर्शिता, जवाबदेही और सहभागिता को मजबूत शिक्षा व्यवस्था की नींव बताया।
एसआरजी रचना सिंह ने निपुण लक्ष्य की प्राप्ति तथा एसएमसी की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण के निर्माण में समुदाय की भागीदारी अनिवार्य है।
कार्यक्रम का संचालन विश्वनाथ सिंह और गणेश शंकर गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया। अंत में खंड शिक्षा अधिकारी शुचि गुप्ता ने सभी प्रतिभागियों और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यशाला का समापन विद्यालयों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सामूहिक संकल्प के साथ किया गया।
