उन्नाव। जनपद के विधानसभा भगवंतनगर क्षेत्र में अंकित सिंह परिहार पिछले लगभग दो दशकों से भी अधिक समय से जरूरतमंदों की निस्वार्थ सेवा में समर्पित हैं। उनका यह सेवा मिशन निरंतर जारी है, जिसके तहत वे अब तक हजारों असहाय एवं गरीब परिवारों की मदद कर चुके हैं। उनकी विशेषता यह है कि वे बिना किसी भेदभाव के, जाति-धर्म से ऊपर उठकर हर जरूरतमंद तक सहायता पहुंचाते हैं।
अंकित सिंह परिहार का यह अभियान किसी चुनावी समय या प्रचार तक सीमित नहीं है, बल्कि वे प्रतिदिन समाज के किसी न किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए सहारा बनते नजर आते हैं। इसी कड़ी में सिकंदरपुर कर्ण ब्लॉक के गांव मेहंदीनगर निवासी विजय बहादुर सिंह के 3 वर्षीय पुत्र अर्थ सिंह, जो जन्म से ही हृदय की गंभीर बीमारी से पीड़ित है, के इलाज में आर्थिक समस्या सामने आई। जानकारी मिलते ही अंकित सिंह परिहार ने तत्परता दिखाते हुए आर्थिक सहयोग प्रदान किया और बच्चे का ऑपरेशन सफलतापूर्वक सुनिश्चित कराया।
इसी प्रकार, विकासखंड बीघापुर के गांव दलपत खेड़ा निवासी अंतिमा सिंह के ऑपरेशन के लिए भी उन्होंने आर्थिक मदद उपलब्ध कराई। उनके सहयोग से कानपुर के एक निजी अस्पताल में सुरक्षित और सफल ऑपरेशन कराया गया, जिससे परिवार को बड़ी राहत मिली।
अंकित सिंह परिहार ने दोनों ही परिवारों को अस्पताल में जमा धनराशि की रसीद सौंपते हुए मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उनके इस सराहनीय कार्य से क्षेत्र में सेवा, समर्पण और मानवता की एक मजबूत मिसाल स्थापित हो रही है।
