लखनऊ। योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय वन दिवस के अवसर पर आयोजित ‘अरण्य समागम’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान ‘वन एवं अर्थव्यवस्थाएं’ विषयक राष्ट्रीय वानिकी संवाद का विधिवत उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम में मानव-वन्यजीव संघर्ष के समाधान और वानिकी क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले आमजन, सामाजिक संगठनों, वन विभाग के कर्मियों तथा पौधरोपण में अग्रणी किसानों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही वन्यजीव एवं वन विभाग से संबंधित विभिन्न पुस्तकों का विमोचन भी किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जब कोई अभियान जन-आंदोलन का रूप ले लेता है, तो उसकी सफलता सुनिश्चित हो जाती है। उन्होंने बताया कि पिछले 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश ने वनाच्छादन बढ़ाने के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है, जिससे प्रदेश में हरित विकास को नई दिशा मिली है।
मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण और वनों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि सरकार पारिस्थितिकी संतुलन बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयासरत है और इसमें जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
