बाराबंकी। विकासखंड देवा के ग्राम हीरपुर में स्वर्गीय राम कुंवर यादव की तेरहवीं संस्कार के अवसर पर जनकल्याण किसान एसोसिएशन द्वारा पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दो आंवला एवं एक पुष्पीय पौधा रोपित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भारतीय किसान यूनियन राधे के राष्ट्रीय अध्यक्ष राधेलाल यादव ने कहा कि शमशान स्थल पर आंवला का पेड़ लगाने से पूर्वजों की आत्मा को शांति मिलती है तथा नकारात्मक ऊर्जा का नाश होता है। उन्होंने कहा कि आंवला न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी इसकी अहम भूमिका है।
राधेलाल यादव ने पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर पौधरोपण अभियान चला रहे जनकल्याण किसान एसोसिएशन की सराहना की और संगठन के चेयरमैन धर्म कुमार यादव को धन्यवाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जेकेए चेयरमैन धर्म कुमार यादव ने कहा कि शमशान स्थल पर आंवला का पौधा रोपित करना राजसूय यज्ञ के समान पुण्य फलदायी है। इससे जहां एक ओर आध्यात्मिक लाभ मिलता है, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण संतुलन को भी मजबूती मिलती है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे शमशान स्थलों पर आंवला के पेड़ अवश्य लगाएं।
इस अवसर पर स्व. राम कुंवर यादव के पुत्र उमेश यादव (संस्थापक, कुंवर हेल्थ एंड एजुकेशनल ट्रस्ट), नरेंद्र यादव (जिला प्रभारी, जनकल्याण किसान एसोसिएशन), बलराम यादव (लैब टेक्नीशियन), गुरुचरन यादव (पूर्व प्रधान, कुरखिला), राम मिलन यादव, सरवन यादव, ललित कुमार, शैलेन्द्र कुमार, अनुज यादव (बंकी), बाबू लाल यादव, एडवोकेट विनोद कुमार यादव, सर्वेश कुमार वर्मा, वीरेंद्र कुमार सैनी सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया।
