आनंद घाट पहुंचे जिलाधिकारी गौरांग राठी व एसपी जय प्रकाश सिंह, सुरक्षा, सफाई और यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों संग की समीक्षा
संवाददाता/उन्नाव
शुक्लागंज (उन्नाव)। आगामी कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान पर्व को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में जिलाधिकारी गौरांग राठी, पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह तथा उपजिलाधिकारी सदर क्षितिज द्विवेदी ने सोमवार को गंगाघाट स्थित आनंद घाट का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाट पर की जा रही बैरिकेडिंग व्यवस्था, सुरक्षा इंतज़ाम, गोताखोरों की तैनाती, यातायात व्यवस्था तथा सफाई कार्य की विस्तार से समीक्षा की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्नान पर्व पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। उन्होंने कहा कि घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल, होमगार्ड, और जल पुलिस टीम की तैनाती की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कहा कि ट्रैफिक डायवर्जन प्लान को पहले से लागू कर जांच लें, जिससे श्रद्धालुओं को जाम या अव्यवस्था का सामना न करना पड़े। उपजिलाधिकारी क्षितिज द्विवेदी ने नगर पालिका और स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि घाटों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था और चिकित्सा सहायता केंद्र की व्यवस्था समय से पूरी कर ली जाए। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि स्नान के दौरान अनुशासन बनाए रखें और सुरक्षा नियमों का पालन करें।
