पाटन उन्नाव। तहसील बीघापुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत मनिकापुर स्थित पंचायत भवन में सामाजिक वानिकी वन प्रभाग, उन्नाव द्वारा ग्रीन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम वन विभाग रेंज- बीघापुर के तत्वावधान में हुआ,
जिसमें ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ विभाग के विशेष अभियान “एक पेड़ मां के नाम 2.0” से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।चौपाल में उपस्थित वन दरोगा राम बहादुर ने ग्रामीणों से कहा कि पेड़ न केवल प्रकृति का संतुलन बनाए रखते हैं, बल्कि हमारी व्यक्तिगत जिम्मेदारी का भी प्रतीक हैं। उन्होंने बताया कि “एक पेड़ मां के नाम 2.0” अभियान का उद्देश्य हर नागरिक को अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प दिलाना है।
वन रक्षक सोनी दीक्षित ने पौधरोपण के महत्व और उसकी देखभाल के व्यावहारिक पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाने के साथ-साथ उसकी सुरक्षा सबसे आवश्यक है, ताकि वह भविष्य में छांव और स्वच्छ वातावरण दे सके।
ग्राम प्रधान माजिद आलम गिरी हस्सानी ने वन विभाग की पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यदि हर परिवार इस अभियान में भाग ले, तो क्षेत्र हरा-भरा और स्वच्छ बन सकता है।चौपाल में दो दर्जन से अधिक ग्रामीण मौजूद रहे। सामाजिक वानिकी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आगामी दिनों में गांव-गांव इसी तरह की चौपालें आयोजित कर अधिक लोगों को पौधरोपण से जोड़ा जाएगा।
