मुंबई। बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बॉर्डर-2’ को लेकर दर्शकों का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है। सनी देओल, वरुण धवन और दिलजीत दोसांझ के दमदार लुक सामने आने के बाद अब मेकर्स ने अभिनेता अहान शेट्टी का पहला पोस्टर जारी कर दिया है, जिससे फिल्म को लेकर चर्चा और तेज हो गई है।
हाल ही में रिलीज किए गए पोस्टर में अहान शेट्टी खून से सनी सैन्य वर्दी में जंग के माहौल के बीच खड़े दिखाई दे रहे हैं। उनके चेहरे पर आक्रोश और जोश साफ झलक रहा है, जो फिल्म के युद्ध आधारित विषय को मजबूती देता है। यह लुक सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अहान शेट्टी ने अपना यह पोस्टर इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए लिखा,
“सरहद हो या समंदर, धरती मां का हर बेटा एक ही कसम निभाता है। ‘बॉर्डर-2’ 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।”
पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। अभिनेता के परिवार, मित्रों और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने उनकी जमकर तारीफ की। अहान के पिता सुनील शेट्टी ने भावुक प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “सम्मान… अपनी पहचान छोड़ जाता है। हिम्मत तुम पर खूब जंचती है, बेटे।” वहीं अभिनेता अर्जुन रामपाल ने कमेंट करते हुए कहा, “शानदार! अहान, कमाल कर रहे हो।”
फैंस ने भी पोस्ट पर दिल और आग के इमोजी के साथ अपना उत्साह जाहिर किया। इससे पहले फिल्म के मेकर्स सनी देओल, वरुण धवन और दिलजीत दोसांझ के किरदारों के लुक जारी कर चुके हैं, जिनमें उनके नाम और भूमिकाओं का भी खुलासा किया गया था। अब अहान शेट्टी के शामिल होने से फिल्म की स्टारकास्ट और ज्यादा मजबूत हो गई है।
फिल्म ‘बॉर्डर-2’ में इन चारों कलाकारों के अलावा मोना सिंह, मेधा राणा और सोनम बाजवा भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। फिल्म का टीज़र पहले ही रिलीज हो चुका है, जिसे दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।
इस फिल्म का निर्देशन अनुराग सिंह कर रहे हैं, जबकि इसका निर्माण गुलशन कुमार और टी-सीरीज़ के बैनर तले किया जा रहा है। ‘बॉर्डर-2’ वर्ष 1997 में रिलीज हुई जे.पी. दत्ता की सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ का सीक्वल है, जो 1971 के भारत-पाक युद्ध की सच्ची घटनाओं पर आधारित थी और आज भी दर्शकों के बीच खास पहचान रखती है।
