पाटन, उन्नाव।बिहार कस्बे में भवन निर्माण सामग्री के एक दुकानदार से 200 बोरी सीमेंट की ऑनलाइन भुगतान के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित दुकानदार ने बिहार थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
बिहार थाना क्षेत्र के हिंदूपुर निवासी अंकुर तिवारी की बिहार कस्बे में मौरंग–सीमेंट की दुकान है। दुकानदार के अनुसार 7 दिसंबर को एक अज्ञात युवक ने फोन कर स्वयं को ग्राहक बताते हुए ऑनलाइन भुगतान का भरोसा दिलाया और 200 बोरी सीमेंट बीघापुर के पास स्थित एक निर्माण स्थल पर भेजने को कहा। भरोसा कर दुकानदार ने बताए गए स्थान पर सीमेंट भिजवा दी, लेकिन सामग्री पहुंचने के बाद भी भुगतान नहीं हुआ।
भुगतान न मिलने पर जब दुकानदार ने उक्त मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की तो फोन बंद मिला। धोखाधड़ी की आशंका होने पर दुकानदार स्वयं उस निर्माण स्थल पर पहुंचा, जहां काम करा रहे ठेकेदार ने बताया कि उन्होंने 66 हजार रुपये का डिजिटल भुगतान कर दिया है।
दुकानदार ने बताया कि दो दिन बाद उसी नंबर से दोबारा फोन आया और फिर 200 बोरी सीमेंट सरेनी, जिला रायबरेली भेजने को कहा गया। इस बार दुकानदार सीमेंट के साथ भुगतान लेने स्वयं सरेनी पहुंचा, लेकिन आरोपी युवक उन्हें देखते ही मौके से फरार हो गया।
इस संबंध में थाना अध्यक्ष राहुल सिंह ने बताया कि मोबाइल नंबर के आधार पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
