उन्नाव। जनपद के थाना बिहार क्षेत्र में घर में घुसकर चोरी की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए जेवरात, नकदी और वारदात में प्रयुक्त उपकरण भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक उन्नाव के निर्देश पर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी बीघापुर के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष बिहार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 16 फरवरी 2026 को मु0अ0सं0 45/2026 धारा 305/331(3)/317(2) बीएनएस में वांछित चल रहे अभियुक्त अभिषेक पुत्र सोनू उर्फ अशोक बढ़ई (21 वर्ष) निवासी ग्राम सहिला, थाना बिहार, जनपद उन्नाव को उसके घर से गिरफ्तार किया।
बताया गया कि 15 फरवरी 2026 को वादी ओमप्रकाश पुत्र सूर्य प्रसाद बढ़ई निवासी ग्राम सहिला ने थाना बिहार में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 13 फरवरी 2026 को गांव के ही अभिषेक ने उनके घर में घुसकर 2000 रुपये नकद तथा सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई थी।
पुलिस ने गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से चार पीली धातु के जेवर, छह पांव की बिछिया, एक जोड़ी पायल, 200 रुपये नकद तथा एक बसूला बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
थाना बिहार पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आमजन में विश्वास बढ़ा है।
