ग्राम केदारखेड़ा व गुलरिया में दबिश, आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
उन्नाव।
जनपद उन्नाव में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। तहसील बीघापुर अंतर्गत थाना बिहार क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 20 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। मौके से दो महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
जिला आबकारी अधिकारी अनुराग मिश्र ने बताया कि आबकारी निरीक्षक प्रतिभा सिंह (क्षेत्र-5 बीघापुर) ने अपनी टीम के साथ ग्राम केदारखेड़ा एवं गुलरिया में दबिश दी। तलाशी के दौरान अवैध रूप से निर्मित 20 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई।
कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपित महिलाओं को मौके से गिरफ्तार किया गया। उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
जिला आबकारी अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
