जम्मू कश्मीर।चैत्र नवरात्र के दौरान माता वैष्णो देवी मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। तीसरे दिन वीकेंड होने की वजह से दर्शन करने वालों की संख्या तेजी से बढ़ गई। शाम तक करीब 41 हजार श्रद्धालु पंजीकरण कर यात्रा पर निकल चुके थे। बढ़ती भीड़ को देखते हुए श्राइन बोर्ड ने एहतियात के तौर पर शाम 4:45 बजे सभी रजिस्ट्रेशन काउंटर अस्थायी रूप से बंद कर दिए।
कटरा में लगातार पहुंच रहे श्रद्धालुओं के कारण व्यवस्थाओं पर दबाव साफ दिखाई दे रहा है। प्रशासन और श्राइन बोर्ड यात्रियों से संयम रखने और निर्देशों का पालन करने की अपील कर रहे हैं।
सुरक्षा और प्रबंधन मजबूत
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पूरे यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। फिलहाल 8 से 10 हजार श्रद्धालु कटरा में यात्रा शुरू करने का इंतजार कर रहे हैं।
यात्रियों की सुविधा के लिए हेलीकॉप्टर, बैटरी कार, घोड़े और पालकी सेवाएं जारी हैं। आद्कुंवारी से लेकर भवन तक लंबी कतारें लगी हुई हैं, जहां भक्तों को अपनी बारी के लिए काफी इंतजार करना पड़ रहा है।
तीन दिन में ही एक लाख से ज्यादा दर्शन
नवरात्र के शुरुआती तीन दिनों में ही एक लाख से अधिक श्रद्धालु माता के दर्शन कर चुके हैं। बड़ी संख्या में यात्रियों के आने से कटरा के बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। होटल, रेस्टोरेंट और दुकानदारों को इसका सीधा फायदा मिल रहा है।
श्राइन बोर्ड द्वारा लगातार अनाउंसमेंट कर श्रद्धालुओं को ताजा हालात से अवगत कराया जा रहा है, जिससे यात्रा व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
