सड़क, बिजली, जल निकासी और औद्योगिक क्षेत्रों के विकास पर प्रशासन सख्त
उन्नाव, 24 मार्च:
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी गौरांग राठी की अध्यक्षता में उद्योग बंधुओं की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उद्यमियों की समस्याओं और शिकायतों को प्राथमिकता के साथ सुना गया और उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
जिलाधिकारी ने बिजली, पानी, सड़क, अतिक्रमण, निवेश मित्र पोर्टल, औद्योगिक क्षेत्र विकास, सड़क चौड़ीकरण और नाली निर्माण जैसे प्रमुख मुद्दों पर विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में बंथर-आजाद मार्ग पर अंडरपास निर्माण के लिए प्रस्ताव एनएचएआई, लखनऊ को भेजने के निर्देश दिए गए। वहीं दही चौकी, नवाबगंज और त्रिभुवन खेड़ा के ब्लैक स्पॉट सुधार कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने पर जोर दिया गया।
इब्राहिम स्टेट और नेहरू बाग औद्योगिक क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं—जैसे सड़क, नाला, स्ट्रीट लाइट और विद्युत—के विकास के लिए संयुक्त सर्वे कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही दही चौकी साइट-2 में जल निकासी व्यवस्था सुधारने और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए प्रस्ताव भेजने को कहा गया।
इसके अलावा एचपी गैस प्लांट के बाहर खड़े टैंकरों से हो रही समस्या, सड़क निर्माण, नाली निर्माण और सड़क चौड़ीकरण जैसे मुद्दों पर भी चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कृति राज, लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर, उपायुक्त उद्योग, अधिशासी अभियंता विद्युत सहित अन्य अधिकारी एवं औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
