गाली-गलौज का विरोध करने पर चार लोगों ने किया हमला, पीड़ित परिवार ने पुलिस से कार्रवाई की मांग
उन्नाव। जनपद के बिहार थाना क्षेत्र अंतर्गत गौरा ग्राम पंचायत के मजरा दरियापुर में खेत पर गए दो किशोरों पर दबंगों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने थाना बिहार में शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दरियापुर निवासी विजय कुमार पुत्र रामशंकर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका छोटा भाई बृजकिशोर (15 वर्ष) और चाचा का लड़का सीताराम (11 वर्ष) रविवार शाम करीब 5:30 बजे अपने खेत पर गए थे। उसी दौरान ग्राम मानपुर (चौकी लल्ला खेड़ा, थाना खीरो, जनपद रायबरेली) निवासी गुड्डू और शिवम पुत्र विद्यासागर अपने दो अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचे।
आरोप है कि सभी ने खेत पर पहुंचते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। जब किशोरों ने इसका विरोध किया तो चारों आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान दोनों बच्चों को मारपीट में चोटें आईं, जिसमें अंदरूनी चोट लगने की भी बात कही जा रही है।
घटना के दौरान पास के खेत में काम कर रही एक महिला ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसे भी अपशब्द कहे और धमकाया। बताया जा रहा है कि जाते समय आरोपियों ने पीड़ित परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।
पीड़ित विजय कुमार का कहना है कि इस घटना के बाद से उनका परिवार भय के माहौल में जी रहा है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
इस संबंध में थाना बिहार पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
