लखनऊ। राजधानी के मोहनलालगंज ब्लॉक में आज सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश शुक्ला की दुकानों में भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में करीब 50 से 55 लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
मदापुर हनुमान मंदिर के पास की घटना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहनलालगंज ब्लॉक अंतर्गत मदापुर हनुमान मंदिर से सटी ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश शुक्ला की किराना और इलेक्ट्रॉनिक समेत अन्य दुकानें स्थित हैं। आज सुबह लगभग 11:00 बजे अचानक दुकानों से धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
फायर ब्रिगेड की मशक्कत और भारी नुकसान
आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुँची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, जब तक आग बुझाई जा सकी, तब तक दुकानों में रखा लाखों का कीमती सामान जलकर राख हो चुका था।
प्रेस से वार्ता के दौरान ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश शुक्ला ने बताया कि इस अग्निकांड में उनका लगभग 50 से 55 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
स्थानीय लोगों ने उठाई फायर स्टेशन की मांग
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति आक्रोश भी देखने को मिला। सूत्रों और प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि मोहनलालगंज के नजदीकी क्षेत्र में फायर ब्रिगेड का केंद्र होता, तो समय रहते आग पर काबू पाकर इस बड़े नुकसान को कम किया जा सकता था। क्षेत्रवासियों ने मोहनलालगंज में स्थाई रूप से फायर स्टेशन की आवश्यकता पर जोर दिया है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
