उन्नाव। जनपद उन्नाव के थाना अजगैन पुलिस, स्वॉट टीम और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में ट्रक लूटकांड के एक शातिर आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नवाबगंज भेजा गया।
टोल प्लाजा के पास हुई थी सनसनीखेज लूट
पुलिस के अनुसार, बीती 27 मई 2026 को कानपुर नगर निवासी राजेश कुमार गुप्ता ने थाना अजगैन में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका ट्रक आशाखेड़ा से सामान लोड कर कानपुर जा रहा था। ट्रक चालक नीरज कुमार रात करीब 12:30 बजे टोल प्लाजा से निकला था, लेकिन कुछ समय बाद ट्रक की लोकेशन अचानक वापस लखनऊ की ओर जाती दिखाई दी। जब ट्रक मालिक अनहोनी की आशंका पर मौके पर पहुंचे, तो चालक नीरज कुमार घायल अवस्था में तड़पता मिला और ट्रक गायब था।
घटना के संबंध में थाना अजगैन में मुकदमा संख्या 232/26 धारा 309(6) बीएनएस (BNS) के तहत अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। एसपी उन्नाव के निर्देशन में घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस और स्वाट की विशेष टीमें गठित की गई थीं।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, बदमाश ने पुलिस पर झोंका फायर
शुक्रवार तड़के करीब 3:10 बजे पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के सामने गुरुद्वारा रोड, नवाबगंज क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही स्वाट और अजगैन पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देख बदमाश ने आत्मसमर्पण करने के बजाय टीम पर सीधे फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह वहीं गिर पड़ा।
बिहार का रहने वाला है शातिर लुटेरा, अवैध असलहा बरामद
गिरफ्तार आरोपी की पहचान छोट्टन चौधरी (25 वर्ष) पुत्र सुरेश चौधरी, निवासी हथियाइन, थाना पीपरा कोठी, जिला मोतिहारी (बिहार) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अजगैन क्षेत्र में हुई ट्रक लूट की घटना में अपना गुनाह कबूल कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
