उन्नाव। भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड बीघापुर अंतर्गत ग्राम दांदामऊ में घटित एक हृदयविदारक घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। भारतीय सेना में कार्यरत जवान शैलेन्द्र पाण्डेय अपनी पत्नी के आकस्मिक निधन के गहरे सदमे को बर्दाश्त नहीं कर सके और उनका भी असामयिक निधन हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष एवं भाजपा नेता अरुण सिंह दिवंगत सैनिक के आवास पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है, जिसने पूरे क्षेत्र को शोक में डाल दिया है।
अरुण सिंह ने कहा कि सैनिक शैलेन्द्र पाण्डेय देश सेवा के पावन दायित्व का निर्वहन कर रहे थे। पत्नी के निधन के बाद उत्पन्न हुए असहनीय दुःख ने उन्हें भीतर तक तोड़ दिया, जिसके चलते उनका भी निधन हो गया। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत दंपति की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
इस दुखद घटना से गांव दांदामऊ समेत पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी दिवंगत दंपति को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
