उन्नाव। जनपद के भगवंत नगर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बीरपुर निवासी प्रतिभाशाली छात्र हर्षवर्धन सिंह की उच्च शिक्षा में सहयोग करते हुए समाजसेवी अंकित सिंह परिहार ने उनकी फार्मेसी की पढ़ाई के लिए फीस जमा कराई। फीस जमा होने के बाद उसकी रसीद छात्र के पिता को सौंपते हुए छात्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर अंकित सिंह परिहार ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे सशक्त माध्यम है। प्रतिभाशाली एवं आर्थिक रूप से जरूरतमंद विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के लिए समाज के सक्षम लोगों को सहयोग के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि विद्यार्थियों को समय पर प्रोत्साहन और उचित अवसर मिलें तो वे भविष्य में अपने परिवार, क्षेत्र और देश का नाम अवश्य रोशन करेंगे।
उन्होंने हर्षवर्धन सिंह को पूरी लगन और मेहनत से अध्ययन करने, अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहने तथा जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।
अंकित सिंह परिहार की इस सराहनीय पहल की क्षेत्रीय लोगों ने प्रशंसा करते हुए इसे शिक्षा के प्रति सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायक उदाहरण बताया। लोगों ने कहा कि ऐसे प्रयास समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करते हैं और अन्य सक्षम लोगों को भी जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद के लिए प्रेरित करते हैं।
