लखनऊ। हंगामा टाइम्स न्यूज़ चैनल की ओर से आयोजित “शौर्य रत्न सम्मान समारोह–2026 : एक शाम देश के नाम” कार्यक्रम में देश की सेवा करने वाले वीर सैनिकों, समाजसेवियों, महिलाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विशिष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेविका एवं उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की पत्नी नम्रता पाठक रहीं। उन्होंने वीर सैनिकों को शौर्य रत्न सम्मान प्रदान करते हुए उनके अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रसेवा को नमन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वस्ति वाचन एवं मंगलाचरण, दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना के साथ हुआ। इसके बाद सम्मान समारोह और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ। जल, थल और वायु सेना से जुड़े पूर्व सैनिकों को विशेष रूप से शौर्य रत्न सम्मान प्रदान किया गया। देश की सुरक्षा में अपना योगदान देने वाले पूर्व सैनिकों के सेवाकाल और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। इस दौरान कर्नल अनिल अहूजा सहित कई वीर सैनिकों को सम्मान प्रदान किया गया।
वीर सैनिकों के सम्मान के दौरान सभागार देशभक्ति के भाव से सराबोर नजर आया। उपस्थित लोगों ने सैनिकों की सेवा, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण को नमन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए नम्रता पाठक ने हंगामा टाइम्स न्यूज़ के सामाजिक सरोकारों और जनहित से जुड़े कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबरों को सामने रखना नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश, जागरूकता और जनहित की भावना को मजबूत करना भी है। उन्होंने हंगामा टाइम्स न्यूज़ की पूरी टीम को सामाजिक और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाने के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान नम्रता पाठक ने दैनिक समाचार पत्र ‘हंगामा टाइम्स’ का विमोचन भी किया। उन्होंने समाचार पत्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में पुस्तक विमोचन के साथ विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। 20 विशिष्ट महिलाओं के कर-कमलों द्वारा पुस्तक विमोचन कराया गया। इसके अलावा विशेष नृत्य प्रस्तुति, बालिकाओं द्वारा पारंपरिक तलवारबाजी का प्रदर्शन और महिलाओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां समारोह का आकर्षण रहीं।
समारोह में समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, कला-संस्कृति और राष्ट्रहित के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में चंद्रपाल, विमला पाल, स्मिता श्रीवास्तव, विजय लक्ष्मी श्रीवास्तव, रागिनी श्रीवास्तव, राजेश यादव, प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव, अल्का सक्सेना, स्वाती सिंह, सत्य कुमार वर्मा, रजनी सक्सेना, संदीप कौर, श्वेता वर्मा, अनीता तिवारी, योगमित्र कुसुम पाठक, गीता गुप्ता, ऋषि त्रिवेदी, गीता सक्सेना और राजीव सक्सेना सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं विशिष्ट व्यक्तित्व शामिल रहे। सरिता बाजपेयी सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों को भी विशेष अतिथि एवं सम्मान श्रेणी में स्थान दिया गया।
“एक शाम देश के नाम” कार्यक्रम ने समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया। समारोह का उद्देश्य देश के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले वीर सैनिकों के साथ-साथ उन लोगों को सम्मानित करना रहा, जो अपने-अपने क्षेत्र में समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में हंगामा टाइम्स न्यूज़ की ओर से सभी अतिथियों, सम्मानित सैनिकों, समाजसेवियों, सहयोगियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर हंगामा टाइम्स न्यूज़ के प्रधान संपादक अमित कश्यप, चीफ सब एडिटर एकता गुप्ता, प्रमुख संवाददाता अर्चना कश्यप, यूपी-बिहार ब्यूरो हेड मोहम्मद एहतेशाम जाफर, वरिष्ठ छायाकार प्रदीप कश्यप, मंडल ब्यूरो चीफ मंतोष जायसवाल, बरेली मंडल ब्यूरो चीफ राजेश कश्यप, संवाददाता मोहम्मद अजीब, संवाद सूत्र सुनील कश्यप सहित हंगामा टाइम्स न्यूज़ की पूरी टीम मौजूद रही।
