सिद्धौर, बाराबंकी। नगर पंचायत कस्बा सिद्धौर में मंगलवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में युवा, स्कूली बच्चे और नागरिक हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। सड़कों पर लहराते तिरंगों और देशभक्ति के नारों से पूरा कस्बा राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। इस दौरान “वंदे मातरम्” और “भारत माता की जय” के नारों से वातावरण गूंज उठा।
तिरंगा यात्रा के दौरान प्रतिभाग कर रहे बच्चों, युवाओं और नागरिकों का उत्साह बढ़ाते हुए ब्लॉक प्रमुख आरती रावत ने कहा कि देश का हर युवा हर चुनौती का सामना करने में सक्षम है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित और देश की एकता-अखंडता के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।
वहीं जिला महामंत्री बृजेश रावत ने कहा कि भारत के राष्ट्र प्रतीकों, महापुरुषों, राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत को जो सम्मान भाजपा सरकार के कार्यकाल में मिला है, वह अद्वितीय है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है और प्रत्येक नागरिक को इसके सम्मान के प्रति सदैव सजग रहना चाहिए।
तिरंगा यात्रा सिद्धेश्वर मंदिर से शुरू होकर चेयरमैन रमन्ता रावत के आवास से होते हुए भुइहारे बाबा मंदिर पहुंची। यात्रा में सैकड़ों स्कूली बच्चों, युवाओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लिए लोगों ने पूरे मार्ग में देशभक्ति के नारे लगाए।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख आरती रावत, जिला महामंत्री बृजेश रावत, अध्यक्ष रमन्ता रावत, मंडल अध्यक्ष प्रवीण सिंह, प्रधान सत्यनाम सिंह वर्मा, डॉ. राजेंद्र वर्मा, चेयरमैन प्रतिनिधि लल्लू रावत, प्रमोद वर्मा, प्रधान पंकज सिंह, आशुतोष तिवारी, गणेश वर्मा, तेज बक्स सिंह, रामराज, हनुमान सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
