उन्नाव। बीघापुर तहसील क्षेत्र के ग्राम बजौरा में भारतीय किसान क्रांति यूनियन की ओर से किसान सभा का आयोजन किया गया। सभा में किसानों की समस्याओं, खेती को लाभकारी बनाने, आधुनिक तकनीक अपनाने और उन्नत कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान उन्नतशील किसानों और बानकी की खेती करने वाले किसानों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहकारी बैंक के जिला अध्यक्ष अरुण सिंह ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। किसानों की खुशहाली के बिना देश की तरक्की संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि किसान आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त कर अपनी आय बढ़ा सकते हैं। किसानों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संगठित होकर आवाज उठाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सहकारिता के माध्यम से किसानों को हर संभव सहयोग दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
भारतीय किसान क्रांति यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. बृजेंद्र सिंह ने उन्नतशील किसानों और बानकी की खेती करने वाले किसानों को प्रशस्ति पत्र व अंगवस्त्र प्रदान कर माल्यार्पण किया। उन्होंने किसानों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि उन्नत खेती करने वाले किसानों को सम्मानित करने से दूसरे किसान भी नई तकनीक और बेहतर कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रेरित होंगे।
इस अवसर पर किसान क्रांति यूनियन की ओर से मुख्य अतिथि अरुण सिंह को भी अंगवस्त्र पहनाकर और माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। सभा में किसानों ने खेती-किसानी से जुड़ी समस्याओं को उठाने के साथ अपने सुझाव भी रखे। वक्ताओं ने किसानों के हित में संगठन को मजबूत करने और उनकी समस्याओं व मांगों को उचित मंच तक पहुंचाने का आह्वान किया।
किसान सभा में क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान किसानों के बीच आधुनिक खेती, संगठन की भूमिका और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
