उन्नाव। तहसील बीघापुर मुख्यालय पाटन क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बीघापुर पावर हाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लेने के साथ रोस्टिंग रजिस्टर की जांच की और कर्मचारियों से निर्धारित रोस्टर के अनुसार आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने विद्युत विभाग के कर्मचारियों से ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति, निर्धारित रोस्टर, विद्युत कटौती और तकनीकी खराबी से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने रोस्टिंग रजिस्टर में दर्ज विवरण का अवलोकन कर कागजों में दर्ज आपूर्ति और क्षेत्र में वास्तविक विद्युत आपूर्ति की स्थिति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
एसडीएम धर्मेंद्र कुमार सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली आपूर्ति के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि तकनीकी खराबी के कारण यदि विद्युत आपूर्ति बाधित होती है तो उसे प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द ठीक कराया जाए, जिससे उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। साथ ही बिजली से संबंधित शिकायतों का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
एसडीएम के निरीक्षण के दौरान विद्युत विभाग के कर्मचारियों में सक्रियता दिखाई दी। वहीं ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासनिक निरीक्षण के बाद क्षेत्र की बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार होगा और निर्धारित रोस्टर के मुताबिक विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बिजली आपूर्ति को लेकर सामने आ रही शिकायतों के बीच एसडीएम का पावर हाउस निरीक्षण महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब देखना होगा कि विभागीय स्तर पर दिए गए निर्देशों का कितना प्रभाव क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पर दिखाई देता है।
