15 वर्षीय किशोरी के साथ गलत काम करने और विरोध पर गला पकड़ने का आरोप, बिजनौर पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में किया पेश
शमशाद सिद्दीकी संवाददाता लखनऊ
लखनऊ। राजधानी के बिजनौर थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संगीत (25) पुत्र स्वर्गीय सुंदर लाल, निवासी हसीनपुरवा मोहल्ला, थाना बिजनौर, लखनऊ के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ उन्नाव जिले के हसनगंज थाने में भी वर्ष 2022 में एक आपराधिक मुकदमा दर्ज हुआ था।
पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 को पीड़िता के भाई की तहरीर पर बिजनौर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि संगीत ने उसकी 15 वर्षीय नाबालिग बहन के साथ गलत काम किया और विरोध करने पर उसका गला पकड़ लिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 65(1) और पॉक्सो अधिनियम की धारा 3/4(2) के तहत मुकदमा अपराध संख्या 289/2026 दर्ज किया।
पुलिस टीम ने दबिश देकर की गिरफ्तारी
मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में दो पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय सूचना तंत्र और अन्य प्रयासों के आधार पर शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
उन्नाव में भी दर्ज है मुकदमा
पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी संगीत के खिलाफ वर्ष 2022 में उन्नाव जिले के हसनगंज थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 304 के तहत भी मुकदमा दर्ज है।
बिजनौर पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है। नाबालिग से संबंधित मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पीड़िता की पहचान उजागर करने वाली कोई जानकारी प्रकाशित नहीं की गई है।
