बाराबंकी। रामसनेहीघाट तहसील के विकासखंड बनीकॉडर में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की नई ब्लॉक कार्यकारिणी का गठन किया गया। इस अवसर पर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सुशील कुमार पांडे ने नई टीम की घोषणा की।
नवगठित कार्यकारिणी में राजेश सिंह को ब्लॉक अध्यक्ष और शैलेंद्र द्विवेदी को वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके साथ ही उदय कुमार अग्रवाल को मंत्री तथा दिनेश प्रताप सिंह को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
प्रदेश अध्यक्ष सुशील कुमार पांडे ने कहा कि संगठन हमेशा शिक्षकों के अधिकार, सम्मान और समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करता रहा है। उन्होंने नई टीम को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि कार्यकारिणी शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और शिक्षक हितों की रक्षा में सक्रिय भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष डॉ. राकेश सिंह, जनपदीय मंत्री उमानाथ मिश्रा, कोषाध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव, प्रांतीय संगठन मंत्री डॉ. देवेंद्र द्विवेदी, संयुक्त मंत्री सुनील त्रिपाठी, दिलीप तिवारी, जिला मीडिया प्रभारी जय कुमार और उपाध्यक्ष श्याम किशोर बाजपेई सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन संगठन को और मजबूत बनाने तथा शिक्षक हितों की रक्षा के संकल्प के साथ किया गया।
