अवसंरचना विकास और महिला सशक्तिकरण की जमीनी हकीकत को करीब से देखा
कानपुर/लखनऊ। भारत सरकार की डेवलपमेंट कम्युनिकेशन एंड इंफॉर्मेशन डिसेमिनेशन (DCID) योजना के अंतर्गत जनकल्याणकारी योजनाओं एवं आधारभूत अवसंरचना विकास की जमीनी स्तर पर कवरेज हेतु राजस्थान से आए पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज एनएचएआई द्वारा विकसित कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे का अवलोकन किया।
इस दौरान पत्रकारों ने एक्सप्रेसवे की आधुनिक निर्माण गुणवत्ता, उच्च सुरक्षा मानकों तथा सुगम यातायात व्यवस्थाओं का नजदीक से निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि यह एक्सप्रेसवे न केवल क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करेगा, बल्कि व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति देगा।
पत्रकारों ने परियोजना के तहत विकसित अवसंरचना का अध्ययन करते हुए इसके आम जनजीवन पर पड़ रहे सकारात्मक प्रभावों को समझा और सराहा।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने ‘जूट वाली दीदी’ के नाम से प्रसिद्ध अंजली सिंह से मुलाकात की। अंजली सिंह जूट उत्पादों के माध्यम से स्थानीय महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का सराहनीय कार्य कर रही हैं। उन्होंने बताया कि किस प्रकार उन्होंने छोटे स्तर से शुरुआत कर आज कई महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया है।
अंजली सिंह ने बताया कि भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं, कौशल विकास प्रशिक्षण, कॉमन फैसिलिटी सेंटर और वित्तीय सहायता जैसी पहलों से उनके उद्यम को विस्तार मिला है। इससे स्थानीय महिलाओं को रोजगार के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्राप्त हुआ है।
पत्रकारों ने जूट उत्पादों के निर्माण की प्रक्रिया का अवलोकन किया और कार्यरत महिलाओं से बातचीत कर उनके अनुभव, आय में वृद्धि तथा सामाजिक सशक्तिकरण के पहलुओं को जाना। महिलाओं ने बताया कि इस पहल से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और उन्हें समाज में नई पहचान मिली है।
उल्लेखनीय है कि यह मीडिया भ्रमण भारत सरकार की DCID योजना के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं एवं आधारभूत अवसंरचना विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन को प्रदर्शित करना और उनकी जानकारी व्यापक स्तर पर प्रसारित करना है।
