गोरखपुर। जनपद गोरखपुर स्थित मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में छात्राओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई।
पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया के कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) फंड से 144 छात्राओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त छात्रावास के निर्माण हेतु भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया। इसके साथ ही विश्वविद्यालय परिसर में अत्याधुनिक साइबर फॉरेंसिक रिसर्च सेंटर का भी उद्घाटन हुआ, जिससे तकनीकी शिक्षा और शोध गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान प्रोत्साहन पुस्तिका का अनावरण किया गया तथा उत्कृष्ट शोध कार्य करने वाले शिक्षकों और विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
पावन वासंतिक नवरात्रि के अवसर पर छात्राओं को मिली यह सौगात उनकी शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को सशक्त बनाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे “नए भारत” के निर्माण में बेटियों की भागीदारी को और मजबूत करने वाला प्रयास बताया।
इस पहल से क्षेत्र में उच्च शिक्षा के स्तर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की उम्मीद जताई जा रही है।
