बाराबंकी। जनपद के मोहनलाल वर्मा एजुकेशनल इंस्टीट्यूट में जनपद स्तरीय युवा संसद 2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुभाष चंद्र शर्मा, न्यायमूर्ति उच्च न्यायालय इलाहाबाद, द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए न्यायमूर्ति शर्मा ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं की सोच, समझ और कार्यशैली पर निर्भर करता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे केवल व्यक्तिगत हित तक सीमित न रहकर राष्ट्रहित को भी अपने चिंतन में शामिल करें। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच युवाओं के विचारों को नीति निर्माण और संसद तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं।
कार्यक्रम का आयोजन मेरा युवा भारत बाराबंकी की जिला युवा अधिकारी रश्मि शबनम गुप्ता एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला नोडल अधिकारी डॉ. पंकज कुमार पटवा के संयुक्त निर्देशन में किया गया। डॉ. पटवा ने बताया कि जिले भर से 103 युवाओं ने पंजीकरण कराया और सभी प्रतिभागियों ने अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।
समापन सत्र में मुख्य अतिथि बैजनाथ रावत, अध्यक्ष उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति जनजाति आयोग, ने विजेताओं को प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के विचारों को नीति में शामिल करने के लिए प्रतिबद्ध है और युवाओं को विधानसभा से संसद तक जनपद की आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।
प्रतिभागियों के भाषणों का मूल्यांकन वरिष्ठ साहित्यकार कवि प्रदीप सारंग, डॉ. अनिल विश्वकर्मा, डॉ. उषा चौधरी, डॉ. हृदय नारायण चौधरी, मुंशी रघुनंदन प्रसाद तथा समाजसेवी दर्शन सिंह ने किया। निर्णायक मंडल ने प्रथम पांच प्रतिभागियों का चयन विधानसभा स्तर के लिए किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक, प्राध्यापिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
