रायबरेली। जिले के लालगंज स्थित लखनऊ रेलवे क्रॉसिंग पर बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। करीब 12 बजे मरम्मत कार्य के दौरान रेलवे गेट का एक भारी पोल अचानक स्कूली बच्चों से भरे ई-रिक्शे पर गिर पड़ा।
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि पोल सीधे किसी बच्चे या राहगीर के ऊपर नहीं गिरा, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई। ई-रिक्शा में सवार सभी बच्चे सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। इसी लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला और मौके पर मौजूद कर्मचारियों व अधिकारियों से तीखी नोकझोंक भी हुई।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि स्कूल के समय में इस तरह का कार्य कराना गंभीर लापरवाही है। लोगों ने आरोप लगाया कि रेलवे द्वारा कई बार बिना उचित सुरक्षा व्यवस्था और समय निर्धारण के कार्य किए जाते हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
फिलहाल इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन इस लापरवाही ने रेलवे की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
