उन्नाव, 26 मार्च 2026: थाना अचलगंज पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान के तहत एक 13 वर्षीय गुमशुदा बालक को तत्परता और कुशलता के साथ बरामद किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्याम कुमार, निवासी ग्राम ईश्वरीखेड़ा ने थाना अचलगंज को सूचना दी कि उनका पुत्र दिनांक 25 मार्च 2026 को सायं लगभग 5 बजे घर से बाहर गया और वापस नहीं लौटा। सूचना मिलते ही पीआरवी 6106 की टीम ने तत्काल बालक की तलाश शुरू की।
थाना प्रभारी निरीक्षक के निर्देशन में पुलिस टीम ने तेजी से क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया और लगभग 2 घंटे की कार्रवाई के बाद, आज प्रातः 9:30 बजे बाबाखेड़ा मोड़ के पास बालक को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में बालक ने बताया कि परीक्षा में खराब परिणाम आने के कारण वह डर के चलते घर से चला गया था। बालक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है और आवश्यक विधिक कार्यवाही जारी है।
थाना अचलगंज पुलिस की तत्परता और मिशन शक्ति अभियान के प्रभावी प्रयासों को स्थानीय नागरिकों ने सराहा है।
