उन्नाव, 26 मार्च 2026: चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर जनपद उन्नाव में मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं के स्वास्थ्य, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सिकन्दरपुर सरोसी में आयोजित “कन्या पूजन” कार्यक्रम के अंतर्गत 51 बालिकाओं का विधिवत पूजन किया गया। इस दौरान उन्हें फल, चुनरी भेंट कर कन्या भोज का आयोजन भी किया गया।
कार्यक्रम में बालिकाओं को सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने विषम परिस्थितियों में स्वयं की रक्षा करने के उपाय बताए और महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों—1090, 181, 1098 और 112—की जानकारी दी।
इसके साथ ही महिला कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं जैसे वन स्टॉप सेंटर, बाल सेवा योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, दत्तक ग्रहण इकाई एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर सदर विधायक के सुपुत्र प्रखर गुप्ता, जिला प्रोबेशन अधिकारी क्षमानाथ राय, जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय कुमार, विधि-सह परिवीक्षा अधिकारी अवधेश कुमार, विद्यालय की वार्डन नीलम मिश्र सहित शिक्षिकाएं एवं महिला कल्याण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें सशक्त और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
