रामनवरात्रि के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया गया सम्मानित
उन्नाव।
जनपद उन्नाव के थाना सोहरामऊ में मिशन शक्ति अभियान और रामनवरात्रि के पावन अवसर पर एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम थानाध्यक्ष सोहरामऊ की अध्यक्षता में आयोजित हुआ, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाली 11 महिलाओं को अंग-वस्त्र, माला और मां दुर्गा व मां सरस्वती का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर प्रभारी मिशन शक्ति केंद्र निरीक्षक संतोष कुमारी, महिला हेल्प डेस्क से महिला आरक्षी सीता यादव और तरुण रानी समेत कई पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। सम्मानित महिलाओं में शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी शिक्षिका, आशा बहू पुष्प लता, महिला रसोइया सरिता और रेशमा, ग्राम प्रधान फूलमती, पंचायत सहायक अन्नया प्रजापति, आंगनबाड़ी कार्यकर्ती अपर्णा देवी और एक संघर्षशील वृद्ध महिला किसान शामिल रहीं।
कार्यक्रम के दौरान एक सराहनीय पहल के तहत कंप्यूटर ऑपरेटर किरन वर्मा और आरक्षी सतपाल द्वारा सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से प्रिया सिंह का खोया हुआ मोबाइल खोजकर उन्हें सौंपा गया। मोबाइल मिलने पर प्रिया सिंह ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक नरेंद्र प्रताप, उपनिरीक्षक श्याम शंकर मिश्रा, परिवार परामर्श केंद्र समिति प्रभारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव, ग्राम प्रधान और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी महिलाओं को शासन द्वारा जारी जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
मिशन शक्ति अभियान के तहत आयोजित यह कार्यक्रम महिलाओं के सशक्तिकरण और सम्मान की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल साबित हुआ।
