हिस्सेदारी न देने पर हुआ विवाद, पीड़िता ने थाना दही में दी तहरीर
उन्नाव। जनपद के थाना दही क्षेत्र में पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। मैता गांव निवासी बबली देवी पत्नी विनोद कुमार ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि उनके पुस्तैनी मकान में उनका आधा हिस्सा है, लेकिन गांव के ही दीपू और कुलदीप पुत्रगण स्वर्गीय राजाराम उन्हें उनका हिस्सा नहीं दे रहे हैं।
पीड़िता के अनुसार, जब उन्होंने अपने हिस्से की मांग की तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और लाठी-डंडों से मारपीट करने पर उतारू हो गए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए।
घटना के बाद बबली देवी थाना दही पहुंची और पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है, जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
