उन्नाव। कलेक्ट्रेट स्थित पन्नालाल सभागार में जिलाधिकारी गौरांग राठी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) सुशील कुमार गोंड की अध्यक्षता में कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यों, एंटी भू-माफिया, आपदा प्रबंधन और चकबंदी से जुड़े मामलों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में वाणिज्यकर, स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन, आबकारी, परिवहन, ऊर्जा, नगर विकास, वन विभाग, अलौह खनन, कृषि विपणन (मंडी समिति उन्नाव, पुरवा व बांगरमऊ) तथा सिंचाई विभाग की लक्ष्य के सापेक्ष वसूली की विस्तृत समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि कुछ विभागों की वसूली लक्ष्य के अनुरूप नहीं है, ऐसे में वित्तीय वर्ष समाप्ति से पहले शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित की जाए।
लंबित वादों के निस्तारण के निर्देश
राजस्व कार्यों की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए गए कि जिन न्यायालयों में पांच वर्ष से अधिक समय से वाद लंबित हैं, उनकी प्रतिदिन सुनवाई कर शीघ्र निस्तारण कराया जाए। सभी अधिकारियों को वादों के निस्तारण में गंभीरता बरतने के निर्देश दिए गए।
बड़े बकायेदारों पर विशेष नजर
बैठक में जनपद के 10 बड़े बकायेदारों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया गया कि उनके खिलाफ की जा रही कार्रवाई की जानकारी उच्च अधिकारियों को नियमित रूप से दी जाए।
आपदा मामलों में लापरवाही न बरतें
आपदा प्रबंधन की समीक्षा करते हुए एडीएम ने कहा कि आपदा से जुड़े मामलों में रिपोर्टिंग में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जनपद में तैनात आपदा विशेषज्ञ विनय तिवारी से समन्वय कर मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें।
चकबंदी कार्यों की भी समीक्षा
बैठक में जनपद के विभिन्न गांवों में चल रही चकबंदी प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई और कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) विधेश, नगर मजिस्ट्रेट राजीव राज, सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
