विधायक पंकज गुप्ता ने प्रदर्शनी का उद्घाटन कर योजनाओं की ली जानकारी, डीएम ने स्वयं सहायता समूह के उत्पादों की सराहना की
उन्नाव। उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद उन्नाव के निराला प्रेक्षा गृह में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सदर विधायक पंकज गुप्ता द्वारा फीता काटकर विकास प्रदर्शनी के उद्घाटन के साथ हुई।
विधायक ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए सरकार की विभिन्न योजनाओं, नीतियों और विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण कर अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति जानी।
मुख्य कार्यक्रम में मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बेसिक शिक्षा विभाग के 524 निपुण विद्यालयों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही आरटीई के तहत प्रवेश पाने वाले बच्चों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान राजधानी लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने देखा।
इस मौके पर विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार के 9 वर्षों में हुए विकास कार्यों को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने राष्ट्रीय आजीविका मिशन के अंतर्गत लगे स्टालों का निरीक्षण किया और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की सराहना की। उन्होंने ‘अपराजिता’ समूह द्वारा तैयार लुंबा राखी और तोरण द्वार की खरीदारी भी की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि इन उत्पादों को स्थानीय बाजार में बेहतर प्लेटफॉर्म दिलाया जाए, जिससे महिलाओं की आय में वृद्धि हो सके।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी कृतिराज, परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह, जिला विकास अधिकारी देव चतुर्वेदी, जिला पर्यटन अधिकारी संतोष कुमार, उपनिदेशक कृषि सहित अन्य अधिकारी एवं भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
