उन्नाव, 23 मार्च।उत्तर प्रदेश सरकार के पशुधन एवं दुग्ध विकास तथा राजनैतिक पेंशन विभाग के मंत्री व जनपद उन्नाव के प्रभारी मंत्री धर्म पाल सिंह ने अपने जनपद भ्रमण के दौरान निराला प्रेक्षागृह में आयोजित विकास प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरांग राठी सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
उद्घाटन के बाद मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली। कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल वितरित की गई तथा सूचना विभाग द्वारा लगाई गई चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस दौरान सदर विधायक पंकज गुप्ता, पुरवा विधायक अनिल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की प्रस्तुति ने कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग दिया।
अपने संबोधन में मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि वर्ष 2016 के मुकाबले प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय दोगुनी हुई है और उत्तर प्रदेश आज देश के विकास का ग्रोथ इंजन बन चुका है। उन्होंने कानून-व्यवस्था में सुधार, निवेश, डिफेंस कॉरिडोर, ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण और रैपिड रेल जैसी उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।
इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र एवं आर्थिक सहायता वितरित की गई। स्वयं सहायता समूहों को 10 करोड़ रुपये से अधिक के डेमो चेक प्रदान किए गए, वहीं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत युवाओं को स्वरोजगार के लिए आर्थिक मदद दी गई। इसके अलावा आयुष्मान योजना, मत्स्य, श्रम एवं कृषि विभाग की योजनाओं के लाभार्थियों को भी लाभान्वित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी कृति राज ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया, जबकि संचालन विश्वनाथ तिवारी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के समापन के बाद मंत्री ने विकास भवन सभागार में पत्रकारों के साथ प्रेस वार्ता कर सरकार के नौ वर्षों की उपलब्धियों को साझा किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
