उन्नाव। जनपद में पोषण सुरक्षा और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिलाधिकारी गौरांग राठी ने सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में ‘श्री अन्न (मिलेट्स) गैलरी’ का फीता काटकर शुभ उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने गैलरी का अवलोकन कर श्री अन्न की विभिन्न किस्मों, उनके उत्पादन तथा उपयोगिता से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
उद्घाटन के अवसर पर जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कहा कि श्री अन्न (मिलेट्स) पोषण सुरक्षा, स्वास्थ्य संवर्धन और किसानों की आय वृद्धि के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण फसलें हैं। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक मिलेट्स की खेती अपनाने और शासन द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
मुख्य विकास अधिकारी कृति राज ने बताया कि जनपद में श्री अन्न के उत्पादन और उसके व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस गैलरी के माध्यम से किसानों और आमजन को मिलेट्स की उन्नत किस्मों, वैज्ञानिक खेती की विधियों और उनके पोषण संबंधी लाभों की जानकारी सरल और आकर्षक तरीके से उपलब्ध होगी।
उप कृषि निदेशक रवि चन्द्र प्रकाश ने बताया कि गैलरी में ज्वार, बाजरा, रागी सहित विभिन्न प्रकार के श्री अन्न की जानकारी, उनकी उत्पादन तकनीक और उपयोगिता का प्रदर्शन किया गया है। इससे किसानों को नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरणा मिलेगी और जनपद में मिलेट्स उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने गैलरी का निरीक्षण किया और जनपद में श्री अन्न के उत्पादन को बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अमिताभ यादव, सिटी मजिस्ट्रेट राजीव राज, कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
