पुरवा/उन्नाव। फिल्म यादव जी की लव स्टोरी के प्रस्तावित रिलीज को लेकर क्षेत्र में विरोध तेज हो गया है। शुक्रवार को रिलीज होने जा रही इस फिल्म के खिलाफ वीर अहीर निर्माण सेना एवं श्रीकृष्ण सेना आर्यावर्त संगठन के पदाधिकारियों ने एसडीएम पुरवा को ज्ञापन सौंपकर फिल्म पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
पदाधिकारियों का आरोप है कि फिल्म में यादव समाज का कोई प्रमुख कलाकार या चरित्र नहीं दिखाया गया है, इसके बावजूद समाज की छवि को प्रभावित करने के उद्देश्य से फिल्म बनाई और रिलीज की जा रही है। उन्होंने इसे समाज को बदनाम करने की साजिश करार दिया।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि हाल ही में सोशल मीडिया पर विरोध के बाद फिल्म घूसखोर पंडित पर न्यायालय द्वारा रोक लगाए जाने का मामला सामने आया था। उसी क्रम में अब यादव जी की लव स्टोरी को लेकर भी व्यापक विरोध दर्ज कराया जा रहा है।
श्रीकृष्ण सेना आर्यावर्त के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय यादव तथा वीर अहीर निर्माण सेना के जिलाध्यक्ष सत्यम यादव के नेतृत्व में दो दर्जन से अधिक पदाधिकारियों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। इस दौरान शुभम यादव, पंकज यादव, अंकित यादव, बृजेश यादव, शैलेन्द्र कुमार यादव, रंजीत यादव, विनीत यादव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि फिल्म की विषयवस्तु की जांच कराई जाए और यदि समाज विशेष की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के तथ्य पाए जाएं तो उसके प्रदर्शन पर रोक लगाई जाए।
