सीएम युवा योजना, पीएम सूर्य घर योजना और वन ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी पर विशेष जोर
बाराबंकी:
जनपद के कलेक्ट्रेट परिसर स्थित लोकसभागार में जिला सलाहकार समिति (डीएलसीसी/डीसीसी) की तिमाही बैठक जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में बैंकिंग व्यवस्था, ऋण वितरण और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान बैंकवार ऋण-जमानुपात (सीडी रेश्यो) की समीक्षा करते हुए इसमें सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन बैंकों का सीडी रेश्यो औसत से कम है, उनके जोनल मैनेजरों को पत्र भेजकर सुधार सुनिश्चित कराया जाए।
उन्होंने लंबित ऋण प्रकरणों पर नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वे बैंक शाखाओं से समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण कराएं, ताकि लाभार्थियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके।
जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना को सरकार की महत्वपूर्ण योजना बताते हुए निर्देश दिया कि इसके तहत प्राप्त आवेदनों पर बैंक समयबद्ध कार्रवाई करें, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा सके।
इसके साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड, स्वयं सहायता समूहों के क्रेडिट लिंकेज, ओडीओपी और अन्य रोजगारपरक योजनाओं के तहत ऋण वितरण में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी बनाने के लक्ष्य पर भी विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने में बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों की अहम भूमिका है। उन्होंने औद्योगिक निवेश, एमएसएमई, स्टार्ट-अप और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान बिना सूचना अनुपस्थित अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, अग्रणी जिला प्रबंधक सहित सभी संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी और विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
(रिपोर्ट: इंद्रराज राजपूत)
