उन्नाव (बिछिया)। विकास खंड बिछिया सभागार में गुरुवार को युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल, उन्नाव के तत्वावधान में खेल किट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान ब्लॉक क्षेत्र के 13 युवक मंगल दलों को खेल सामग्री वितरित की गई।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी विजेता तिवारी की उपस्थिति रही। साथ ही युवक मंगल दल नेवरना के अध्यक्ष भरत लोधी, पीआरडी जवान अशोक रावत सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के युवक मंगल दल एवं महिला मंगल दल के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित ब्लॉक प्रमुख नीरज गुप्ता ने युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित अवसर और संसाधन उपलब्ध कराने की है।
उन्होंने आगे कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ती है और वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहते हैं। साथ ही ग्रामीण स्तर पर खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़कर उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को प्रोत्साहित करना रहा।
